21 जून को मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस क

भोपाल:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए मध्य प्रदेश सरकार की व्यापक तैयारियां, मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को पूरे मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। इस अवसर को सफल और भव्य बनाने के लिए राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। प्रदेश के सभी 54 जिलों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी इस अवसर पर जबलपुर पहुंचेंगे। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह और इंदर सिंह परमार राज्य स्तरीय आयोजन में भाग लेंगे।

कार्यक्रमों में शामिल होने के निर्देश दिए गए 

वहीं, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे और स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे। राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम की जिम्मेदारी मंत्री कृष्णा गौर को सौंपी गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को कार्यक्रमों में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया

प्रदेश सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इसी कड़ी में सभी जिलों में बड़े स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं ताकि कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

स्वस्थ जीवन का संदेश ग्रहण कर सकें

पांढुर्णा जिले में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष भी शामिल होंगे। सरकार का दावा है कि इस वर्ष योग दिवस को लेकर प्रदेशभर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिलेगा। राज्य सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश ग्रहण कर सकें।