मध्य प्रदेश में 26 जून तक गर्मी, लू और आंधी-बारिश का मिला-जुला असर
मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री में देरी होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार 26 जून तक प्रदेश में हीटवेव, तेज गर्मी और आंधी-बारिश वाला मौसम बना रहेगा। प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी और उमस महसूस की जा रही है। पिछले दो दिनों से जबलपुर संभाग के कई जिलों में लू का असर भी देखा जा रहा है।
हल्की बारिश होने के आसार
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए जबलपुर, रीवा और सागर संभाग के जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, उमरिया और डिंडौरी में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि शाम के समय मौसम बदल सकता है और कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।
बारिश का अलर्ट जारी किया गया
प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, बैतूल, खंडवा, खरगोन, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। वहीं झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा और अशोकनगर सहित 21 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मिश्रित दौर जारी रहेगा
रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। रायसेन में सबसे अधिक 61 मिमी यानी करीब ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। भोपाल में दोपहर के समय तेज बारिश हुई, जबकि सतना में लगभग पौन इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबलपुर, खजुराहो, नौगांव और सिवनी में भी बारिश का दौर जारी रहा।
तापमान की बात करें तो दतिया प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी और बारिश का यह मिश्रित दौर जारी रहेगा।