मोबाइल दुकानदार के साथ मारपीट और छिनतई, धनसार थाना क्षेत्र के गजुआटांड़ की घटना
अम्बर कलश तिवारी/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: गजुवाटांड़ में गुरुवार देर रात बदमाशों ने मोबाइल दुकानदार के साथ छिनतई और मारपीट की. घायल दुकानदार सूरज कुमार गोस्वामी को गंभीर स्थिति में एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. मामले की शिकायत थाने में की गई है.
अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में सूरज कुमार गोस्वामी ने बताया कि कतरास में मोबाइल दुकान है. रोज की तरह गुरुवार की रात करीब 11 बजे वह अपने घर लौट रहे थे, तभी प्राणजीवन अकादमी के पास दो अज्ञात युवकों ने रास्ता रोक लिया. उन्होंने पैसे की मांग की, लेकिन सूरज ने यह कहते हुए मना किया कि वह पास ही के रहने वाले हैं. इसके बाद अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई.
पांच हजार रुपए और सोने की चेन झपट कर भागे
पुलिस को दिए बयान में बताया कि पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने उनके पास से पांच हजार रुपए नकद व एक सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. किसी तरह सूरज वहां से बचकर धनसार थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इस संबंध में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. पीड़ित की हालत गंभीर थी, इसलिए पहले उसे इलाज के लिए भेजा गया. अब उसका बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छानबीन में जुटी है.
यह भी पढ़ें: गारू : वन प्राणी सह प्रकृति पूजा और मेला सप्ताह समारोह पूर्वक संपन्न