देहरादून में रन फॉर योगा कार्यक्रम, CM धामी ने लिया भाग, की जनता से अपील
देहरादून पुलिस लाइन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान CM ने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए युवाओं से नियमित योग और व्यायाम अपनाने का आह्वान किया।
रन फॉर योगा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ऐसे कार्यक्रम अहम भूमिका निभाते हैं।
योग भारत की धरोहर
CM धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवनोपयोगी पद्धति है।
योग को वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखे गए प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली। आज दुनिया के 190 से ज्यादा देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं, जो इसकी वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है।