प्रवीण राणा के नेतृत्व में 9 सदस्यीय पर्वतारोहण दल

प्रवीण राणा के नेतृत्व में सतोपंथ पर फहराया तिरंगा, रचा इतिहास

प्रवीण राणा के नेतृत्व में सतोपंथ पर फहराया तिरंगा

एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा के नेतृत्व में 9 सदस्यीय पर्वतारोहण दल ने गंगोत्री हिमालय स्थित माउंट सतोपंथ (7075 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। मौसम की मार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच दल ने 18 जून को शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। अभियान के दौरान टीम को भारी हिमपात, गहरी बर्फ, हिमस्खलन के खतरे और दुर्गम रास्तों जैसी कठिना का सामना करना पड़ा। लगातार खराब मौसम के कारण अन्य दल को अभियान बीच में ही छोड़कर लौटना पड़ा था।

मौसम ने ली परीक्षा

प्रवीण राणा ने बताया कि मिशन के दौरान कई ऐसे मौके आए, जब वापसी ही एकमात्र विकल्प नजर आ रहा था। खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों ने टीम की लगातार परीक्षा ली, लेकिन टीम के विश्वास, धैर्य और संकल्प ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया। 17 जून को मौसम में कुछ सुधार होने के बाद दल ने आखिरी प्रयास करने का फैसला लिया। 18 जून की सुबह साढ़े 9 बजे सभी नौ सदस्य सफलतापूर्वक सतोपंथ के शिखर पर पहुंचे और वहां तिरंगा फहराया।

टीम के सदस्य

इस पर्वतारोहण दल में एवरेस्ट विजेता प्रवीण राणा के साथ मुनेन्द्र राणा, नवीन पंवार, नवीन गुसाईं, पवनेश राणा, रतन सिंह नेगी, आजाद राणा, सचिन लामा और चित्रेश्वरी राजपूत शामिल रहे।