रणथंभौर एक्सप्रेस के पहिए में लगी आग, पटरी पर कूदे यात्री
रतलाम के आलोट स्थित लूणी-रीछा स्टेशन पर सुबह पौने 10 बजे के आसपास रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन इंदौर से जोधपुर जा रही थी। स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही आग लगने की शंका से यात्री दहशत में आ गए और सामान लेकर पटरियों पर कूद गए। मौके पर पहुंचे रेल कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर से हालात पर काबू पाया।
ट्रेन के पहियो से निकला धूंआ
जानकारी के मुताबिक, लूणी-रीछा स्टेशन पर रणथंभौर एक्सप्रेस का कोई आधिकारिक स्टॉपेज नहीं है। इसके बावजूद लोको पायलट ने यहां अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाए। ब्रेक लगने के बाद इंजन के पास लगे जनरल कोच के पहियों से धुआं उठने लगा। हालांकि, इमरजेंसी ब्रेक क्यों लगाए गए और धुआं निकलने का कारण क्या था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। बता दें, हाल ही में मुरैना ट्रेन हादसे में आग लगने की अफवाह के कारण इसी तरह यात्री पटरियों पर कूद गए थे। हादसे में 4 की दूसरी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी।
ट्रेन से कूदे लोग
आज हुए हादसे में पहियों से धुआं निकलता देख कोच में हड़कंप मच गया। घबराए यात्री सामान लेकर कोच से बाहर निकलने लगे। जान बचाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पटरी के बीच खड़े हो गए। इस दौरान दूसरी लाइन पर भी ट्रेन खड़ी थी और यात्री दोनों ट्रेनों के बीच पटरियों पर जमा रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री हड़बड़ी में ट्रेन से नीचे उतरते नजर आ रहे हैं।
क्यों लगाए ब्रेक?
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लूणी-रीछा स्टेशन राजस्थान के कोटा रेल मंडल के अधिकार क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर रेल कर्मचारी तत्काल अग्निशमन यंत्र लेकर मौके पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित की। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन को आगे बढ़ने के लिए सिग्नल नहीं मिला था। अचानक सिग्नल रेड होने पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। इस दौरान एक पहिए के हार्ड एक्सल पर ब्रेक शू जाम होकर चिपक गए, जिससे घर्षण होने लगा और धुआं निकलने लगा।