अमित शाह ने 400 डायल-112 वाहनों को दिखाई हरी झंडी, कल 4 राज्यों के CM संग बैठक
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोमवार को रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) से डायल-112 सेवा के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय गृहमंत्री रविवार रात ही अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे थे।
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह सीधे बस्तर के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को सुरक्षा, विकास और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
पूरे छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी डायल-112 सेवा
राज्य सरकार के मुताबिक, अब तक सीमित जिलों में संचालित डायल-112 सेवा को पूरे छत्तीसगढ़ में विस्तारित किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत सभी थानों को इस सेवा से जोड़ा जाएगा।छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा के अनुसार, इससे आपात स्थिति में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी होगा। इसके साथ ही अपराध जांच को मजबूत करने के लिए 33 जिलों में मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी भेजी जाएंगी।
कल होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक
19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव समेत छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। इसे प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बस्तर में सुरक्षा और विकास पर रहेगा फोकस
अमित शाह के इस दौरे में डायल-112 सेवा विस्तार, फॉरेंसिक यूनिट्स, जन सुविधा केंद्र और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।बस्तर लंबे समय से नक्सल चुनौती और विकास की जरूरतों के बीच चर्चा का केंद्र रहा है। ऐसे में शाह का यह दौरा सुरक्षा और विकास के संतुलन की दिशा में अहम माना जा रहा है।