झारखंड

मांडर विकारिएट काथलिक महिला संघ के 56 वीं वार्षिक आम सभा में शामिल हुई पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

न्यूज11 भारत रांची/डेस्कः- झारखंड की कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संत फ्रांसिस चर्च बनहोरा परिसर में पल्ली दिवस समारोह और मांडर विकारिएट काथलिक महिला संघ के 56 वीं वार्षिक आम सभा में शामिल हुई . इस मौके पर उन्होंने कहा कि ईश्वर के कई रूप है और हर रूप में ईश्वर के प्रति आस्था और विश्वास एक समान है . जिसने सृष्टि की रचना की उन्हें अलग - अलग रूप में हम पूजते है . कृषि मंत्री ने कहा कि साल 2014 के बाद से कुछ खास धर्म को निशाने पर लिया जा रहा है ये दुर्भाग्यपूर्ण है . ये हमारे देश की पहचान और संस्कृति नहीं है. ऐसे किसी भी तरह की साजिश का मुंह तोड़ जवाब देना होगा. उन्होंने कहा कि देश का संविधान हमें धर्म चुनने की आजादी देता है पर इसका मतलब ये कतई नहीं की व्यक्ति की जाति बदल जाती है . सत्ता पर काबिज होने वाले लोग समाज को बांटने, समाज में धर्म - जाति का जहर घोलने और सामाजिक कटुता पैदा करने की राजनीति कर रहें है . ऐसे राजनीतिक दलों से ना सिर्फ सचेत रहने , बल्कि सामाजिक चेतना पैदा कर उनका मुंह तोड़ जवाब देना होगा . मंत्री ने कहा कि इसमें महिलाओं की बड़ी भूमिका अदा करनी होगी . आज कई आंदोलनों में महिलाओं की भागीदारी ने उसे सफल बनाया है .  महिलाओं की भागीदारी के बगैर संतुलित परिवार या समाज की परिकल्पना बेईमानी होगी . जरूरत सामाजिक चेतना के साथ राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने की है . एकजुट समाज ही विकसित समाज के सपने को साकार कर सकता है . पल्ली दिवस कार्यक्रम में  पुरोहित फादर एंथनी हेंब्रम , फादर सुमन एक्का , फादर मनोज कुल्लू वहीं महिला संघ की आम सभा में फादर विपिन कंडुलना , के सुधा , सेराफिना मिंज ,मारखा टोप्पो , रौशन तिग्गा , शिला तिग्गा सहित अन्य शामिल थे.