बाबा रुद्रनाथ की डोली रुद्रनाथ के लिए रवाना, 18 मई को खुलेंगे कपाट
उत्तराखंड में पंचकेदारों में चतुर्थ केदार बाबा रुद्रनाथ की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर से मूल धाम रुद्रनाथ के लिए रवाना हुई। इस दौरान ‘बम-बम भोले’ और ‘जय बाबा रुद्रनाथ’ के जयकारों के बीच निकली डोली यात्रा में पूरा गोपेश्वर शिवभक्ति में डूबा नजर आया। ढोल-दमाऊ, वैदिक मंत्रोच्चार और सेना बैंड की धुनों से माहौल भक्तिमय बना दिया।
भव्य शोभायात्रा
बता दे, बाबा रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के बाद बाबा रुद्रनाथ ग्रीष्मकाल के लिए अपने मूल धाम में विराजमान हो जाएंगे। आज डोली प्रस्थान के दौरान गोपेश्वर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। बाबा रुद्रनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
सेना की बैंड प्रस्तुति
डोली यात्रा के दौरान भारतीय सेना के ने बैंड की प्रस्तुति दी जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। बैंड की भक्तिमय धुनों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालु जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भगवान गोपीनाथ और बाबा रुद्रनाथ की डोली के समक्ष शीश नवाकर राज्य की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा के सफल संचालन की कामना की। डोली यात्रा मार्ग पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस की तैनाती रही, जिससे यातायात और कानून व्यवस्था सुचारू बनी रही।