कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह एनकाउंटर में ढेर, 2 लाख का इनामी, 41 मुकदमे थे
उत्तरप्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई की पुष्टि खुद ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने की। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई।
पुलिस पर फायरिंग
भानु प्रताप सिंह लंबे वक्त से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था और उसके खिलाफ हत्या, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग, डकैती, रंगदारी समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज थे। रविवार देर रात STF को जानकारी मिली थी कि आरोपी साथी के साथ बाइक से भाग रहा है। टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लग गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ रात करीब 11 बजे महाराजगंज थाना इलाके के एमी घाट के पास हुई। बदमाश का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।
लंबे समय से तलाशी
भानु प्रताप गोरखपुर का रहने वाला था। उस पर दूध कारोबारी की हत्या, लूट और रंगदारी जैसी गंभीर धाराओं में 41 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसकी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर आजमगढ़ पुलिस ने 1 लाख रुपए, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार और बस्ती पुलिस ने 15,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। भानु के खिलाफ सभी 40 मुकदमे इन्हीं जिलों में दर्ज हैं।