केदारनाथ यात्रा के दौरान भीषण सड़क दुर्घटना, 9 घायल, ड्राइवर गंभीर
केदारनाथ दर्शन के लिए जा रही मैक्स अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ड्राइवर की हालत गंभीर है और बाकी यात्री घायल हैं। RTO धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी लोग कर्नाटक के रहने वाले थे और चारधाम यात्रा पर आए हुए थे।
डिवाइडर से जा टकराई गाड़ी
हादसा बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर रुद्रप्रयाग से लगभग 4 किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जाते वक्त हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में 9 यात्रियों से भरी मैक्स अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलटकर नीचे मुख्य मार्ग पर जा गिरी। जिस वक्त हादसा हुआ वहां पर एक स्थानीय महिला घास काट रही थी। जो चिल्लाने की आवाज सुनकर यात्रियों के लिए मदद के लिए दौड़ी।
घायलों का इलाज जारी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को सुबह 10:07 बजे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एम्बुलेंस सेवा, पुलिस टीम और रेस्क्यू दल को घटनास्थल पर भेजा। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज चिकित्सकों की विशेष निगरानी में है। वाहन में सवार 8 यात्री कर्नाटक के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा पर आए थे। इन सभी को चोटें आई हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।