भोपाल में तेज आंधी से विद्युत व्यवस्था को गंभीर क्षति
राजधानी भोपाल में आज शाम आए तेज आंधी-अंधड़ के कारण विद्युत प्रदाय व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के लगभग 300 विद्युत फीडर पूर्ण अथवा आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं।
मैदान पर उतरी टीमें
कई स्थानों पर विद्युत लाइनों, पोल एवं अन्य संरचनाओं को गंभीर क्षति पहुंची है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीमें तत्काल मैदान में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत एवं विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य कर रही हैं। सभी स्थानों पर विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्यवाही जारी है।
गर्मी से राहत
काफी दिनों से चली आ रही भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश की राजधानी का मौसम बदला है. शाम के समय तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे. भोपाल के अलावा मध्य प्रदेश और देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई. आज से केरल के रास्ते मानसून की देश में एंट्री हो चुकी है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.