भोपाल के छोला मंदिर इलाके में एक युवक ने अपनी पूर्

भोपाल में सनसनी: एक्स गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला, बचाने आई बहन भी घायल

भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसे बचाने दौड़ी उसकी बड़ी बहन भी हमले का शिकार हो गई। घटना मंगलवार शाम शंकर नगर इलाके में हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

घर के पास रोका रास्ता, फिर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवती अपनी बड़ी बहन के साथ मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी अक्षय चंदेल ने दोनों का रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने अपना आपा खो दिया।

गर्दन, चेहरे और पीठ पर किए वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान अक्षय ने धारदार चाकू निकाल लिया और युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर कई वार किए। युवती को बचाने के लिए उसकी बड़ी बहन आगे आई तो आरोपी ने उसके गाल पर भी चाकू मार दिया, जिससे वह घायल हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी को हमला करते और फिर मौके से भागते हुए देखा जा सकता है। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को देखते हुए आरोपी वहां से फरार हो गया।

हत्या के प्रयास का केस दर्ज

पुलिस के अनुसार आरोपी और युवती के बीच पहले लिव-इन रिलेशनशिप थी। संबंध खत्म होने के बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। फरार होने से पहले आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं दोनों बहनों का अस्पताल में इलाज जारी है।