BIG BREAKING: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, पहले फेज़ का चुनाव 6 नवंबर और दूसरे फेज़ का चुनाव 11 नवंबर को होगा
न्यूज़11 भारत पटना/डेस्क: चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान कर दिया है. चुनाव दो चरणों में होगा. पहले फेज़ का चुनाव 6 नवंबर और दूसरे फेज़ का चुनाव 11 नवंबर को होगा. वहीं, मतगणना 14 नवंबर को होगी. दो चरणों में मतदान होगा. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विज्ञान भवन में चुनाव की तिथियों का ऐलान किया.
11 नवंबर को होगा घाटशीला उपचुनाव वहीं, झारखंड की बात करें तो घाटशीला उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा.
2025 बिहार विधानसभा का चुनाव 2 चरणों में होंगे.
पहला चरण-- 6 नवंबर
दूसरा चरण-- 11 नवंबर
काउंटिंग-- 14 नवंबर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर चुनाव आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम जानकारियां साझा कीं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और आयोग की टीम ने बताया कि इस बार चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और संवैधानिक दायरे में पूरी की जाएगी.
बिहार में मतदाताओं की संख्या 7.43 करोड़ के पार, 14 लाख युवा पहली बार डालेंगे वोट: चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले निर्वाचन आयोग ने राज्य के मतदाता आंकड़ों को सार्वजनिक किया है. जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं, जो इस बार चुनाव में वोट डालने के पात्र होंगे. यह आंकड़ा 30 सितंबर 2025 तक का है.
मतदाताओं का विस्तृत वर्गीकरण:
- पुरुष मतदाता: 3.92 करोड़
- महिला मतदाता: 3.50 करोड़
- ट्रांसजेंडर मतदाता: 1,725
- विशेष वर्ग के मतदाता:
- दिव्यांग मतदाता: 7.2 लाख
- 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक: 4.04 लाख
- 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के शतायु मतदाता: 14,000
युवा और सेवा मतदाता:
- पहली बार वोट देने वाले (18-19 वर्ष): 14.01 लाख
- 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता: 1.63 करोड़
- सर्विस वोटर्स (सैनिक एवं अन्य): 1.63 लाख
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस बार बिहार में युवा मतदाताओं की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है, खासकर वे 14 लाख नए मतदाता जो पहली बार लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेंगे. चुनाव आयोग का कहना है कि सभी वर्गों के मतदाताओं को सुगम और निष्पक्ष मतदान का अनुभव देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी. मुख्य बिंदु, चुनाव आयोग की घोषणा:
- 14 लाख नए मतदाता इस बार पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
- 100 वर्ष से अधिक आयु के 14 हजार वोटर भी मतदाता सूची में दर्ज हैं.
- कुल मतदाता संख्या 7.2 करोड़ तक पहुंच गई है.
आयोग ने बताया कि 22 साल बाद मतदाता सूची का पुनरीक्षण (शुद्धिकरण) किया गया है, जिसे SIR (Systematic Improvement and Revision) के तहत अपडेट किया गया. क्लेम और ऑब्जेक्शन के लिए तय समय पर प्रक्रिया चलाई गई. नामांकन प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अनुमति नहीं होगी. चुनाव आयोग की चुनावी तैयारियां
- सभी पोलिंग स्टेशन ग्राउंड फ्लोर पर होंगे, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
- वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
- फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं पर सख्त नजर रखी जाएगी. आयोग इस बार डिजिटल दुष्प्रचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की योजना पर काम कर रहा है.
- चुनाव में हिंसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
आरक्षण और सीटों का विवरण:
- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कुल 40 सीटें आरक्षित होंगी.
- इनमें से 38 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और
- 2 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित होंगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और हमारा कर्तव्य है कि हम निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करें. बिहार में इस बार चुनाव प्रक्रिया पहले से अधिक व्यवस्थित और सरल होगी. आयोग की पूरी टीम ने राज्य का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की है."
विधानसभा चुनाव 2020 में मतदान तीन चरणों में संपन्न हुआ था पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में मतदान तीन चरणों में संपन्न हुआ था. पहला चरण 28 अक्टूबर, दूसरा 3 नवंबर और तीसरा चरण 7 नवंबर को हुआ था. वोटों की गिनती 10 नवंबर 2020 को की गई थी. उस समय राज्य के कुछ क्षेत्रों में नक्सल प्रभावित इलाकों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के चलते तीन चरणों में चुनाव कराना जरूरी माना गया था. 2020 के चुनाव में मतदाता भागीदारी लगभग 58.7% रही थी, जो 2015 की तुलना में अधिक थी. यह बढ़ी हुई भागीदारी लोकतंत्र में जनसहभागिता की सकारात्मक दिशा को दर्शाती है. बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है.
ये भी पढ़ें- बिहार में आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, पहली सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम