बिहार में पेंशनधारकों के लिए बड़ी खबर, CM सम्राट ने दिए ये ऑडर्स
बिहार के लाखों पेंशनधारकों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को वक्त पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौधरी ने साफ कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि हर महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच जानी चाहिए।
योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा
लोकसेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित इस बैठक में समाज कल्याण विभाग की कई योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। CM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर भी कई अहम फैसले लिए।
पोषण स्तर में सुधार लाने पर जोर
मुख्यमंत्री सम्राट ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी तकनीकी माध्यमों से की जाए और बच्चों तथा कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने पर जोर दिया। CM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कुपोषण, स्टंटिंग और वेस्टिंग जैसी समस्याओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
CM ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए। सरकार की प्राथमिकता कमजोर, गरीब और वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट के इन निर्देशों के बाद राज्य के लाखों पेंशनधारकों और सामाजिक कल्याण योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।