BJP महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ महाआक्रोश अभियान शुरू किया, CM धामी हुए शामिल
कांग्रेस के खिलाफ BJP महिला मोर्चा का महाआक्रोश अभियान शुरू हो गया है। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड से जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकली। आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता पहुंची।
‘नारी का अपमान बर्दाश्त नहीं’
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबोधित करते हुए कहा कि आधी आबादी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी महिलाओं के साथ सड़क पर उतरे और पोस्टर-बैनर लेकर रैली में शामिल हुए। दून के परेड ग्राउंड से निकली जन आक्रोश महिला पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। रैली में धाकड़ धामी के नाम के नारे लगाए गए।
महाआक्रोश अभियान
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर नकारात्मक रवैये के विरोध में महाआक्रोश अभियान शुरू किया है। मोर्चा मातृ शक्ति के साथ मिलकर विपक्ष के संसद में किए गए महिला अपमान को उजागर करेगा। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने बताया कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विपक्ष ने अपनी राजनीति के कारण इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है।