चंद्रनाथ की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट, CBI ने UP से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया
पश्चिम बंगाल में CM शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में फरार चल रहे 1 अन्य आरोपी ने बलिया की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। CBI अब हत्या की साजिश और इससे जुड़े नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।
होटल से गिरफ्तार आरोपी
CBI अधिकारियों के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल आरोपी विकास मिश्रा को लखनऊ के होटल से गिरफ्तार किया गया। एजेंसी को उसके ठिकाने की सटीक जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की योजना, उसके पीछे की मंशा और सहयोगियों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
रिमांड मांग सकती है CBI
घटना में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी बलिया से हुई है। CBI ने आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर अपने कब्जे में लिया है। जांच एजेंसी आरोपियों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। CBI दोनों आरोपियों को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश करेगी। सूत्रों के मुताबिक एजेंसी आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग भी कर सकती है। जांच एजेंसी का फोकस हत्या की पूरी साजिश और उसमें शामिल सभी लोगों तक पहुंचने पर है।