भीषण गर्मी को लेकर CM विष्णुदेव साय की बड़ी अपील, कहा- जरूरतमंदों और पशु-पक्षियों का रखें ध्यान
छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से सतर्कता और संवेदनशीलता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों को गर्मी से सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह
मुख्यमंत्री साय ने लोगों से अधिक मात्रा में पानी पीने और बाहर निकलते समय पानी साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचना चाहिए। खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था जरूर की जाए।
बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों का रखें विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को गर्मी से सबसे ज्यादा खतरा होता है। यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे, तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाना चाहिए और पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराना चाहिए। जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है।
पशु-पक्षियों के प्रति भी दिखाएं संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से पशु-पक्षियों के प्रति भी दया और संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, छत, आंगन या दुकानों के बाहर पानी से भरा छोटा पात्र रखना इस भीषण गर्मी में किसी जीव के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है।
सेवा और सहयोग का समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एक-दूसरे का सहारा बनने और मानवता का दायित्व निभाने की अपील की।