13 जून को रायपुर में होगा NHM कर्मचारियों का महासम्मेलन, CM विष्णुदेव साय करेंगे शिरकत
छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून 2026 को राजधानी रायपुर के स्वर्गीय बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे। महासम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों के योगदान, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका को सम्मान देना है।
मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
महासम्मेलन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh, उपमुख्यमंत्री Arun Sao, Vijay Sharma तथा स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
18 हजार से अधिक कर्मचारी होंगे शामिल
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार महासम्मेलन में उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक कर्मचारी एवं अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
21 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव
यह महासम्मेलन केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 21 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा यात्रा, कर्मचारियों के संघर्ष, योगदान और उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव होगा। आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, संवाद और संगठनात्मक एकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री को दिया गया आमंत्रण
हाल ही में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें महासम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।