मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत

CM भजनलाल का कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दौरा, महिला की परेशानी सुन CM ने किया पति का ट्रांसफर

मुख्यमंत्री भ्रमण समीक्षा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुड़ादा गांव में रात्रि विश्राम के बाद ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद किया। सुबह करीब सवा 6 बजे गांव भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री भजनलाल ने चौपाल पर ग्रामीणों के साथ खाट पर बैठकर चाय पी और करीब 2 घंटे तक पानी, बिजली, सड़क और सरकारी योजनाओं को लेकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को आदोश दिए और त्वरित कार्रवाई भी करवाई।

भ्रमण पर निकले CM

कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुड़ादा में रात्रि विश्राम के बाद CM भजनलाल सुबह गांव भ्रमण के लिए निकले। वे सीधे गांव की चौपाल पहुंचे और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान BJP पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। CM ने ग्रामीणों से बुनियादी सुविधाओं की स्थिति जानी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और वक्त पर समस्याओं का निस्तारण करना है।

पानी की दिक्कत

चौपाल के दौरान ग्रामीणों और सरपंच ने गांव में पानी की दिक्कत उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश का पानी संरक्षित करने के लिए एनीकट का निर्माण करना जरूरी है, जिससे क्षेत्र में जल संकट को कम किया जा सके। इस पर मुख्यमंत्री शर्मा ने मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव को गांव में एनीकट निर्माण के लिए DPR तैयार करवाने और आगे की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

महिला की परेशानी

मॉर्निंग वॉक के दौरान बांसवाड़ा की एक महिला मुख्यमंत्री से मिली और अपनी पारिवारिक स्थिति बताई। महिला ने बताया कि उनके पति हेमेंद्र कलाल PHED विभाग में सहायक अभियंता हैं और वर्तमान में सागवाड़ा इलाके में पदस्थ हैं। महिला ने कहा कि घर में बुजुर्ग सास-ससुर हैं, जिन्हें अस्थमा है, जबकि उनका बच्चा दिव्यांगता से प्रभावित है। ऐसे में दूर पोस्टिंग के कारण परिवार की देखभाल करना मुश्किल है। महिला की बात सुनने के बाद CM ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और बाद में PHED कर्मचारी का ट्रांसफर बांसवाड़ा कर दिया गया।