देवास में दर्दनाक हादसा, प्याज से भरा मिनी ट्रक पलटा; 3 मजदूरों की मौत
मध्य प्रदेश के देवास जिले में शनिवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीपलरावा थाना क्षेत्र के चौबाराधारा के पास बेरखेड़ी फाटे पर प्याज से भरा एक मिनी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रक और प्याज की बोरियों के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यू-टर्न पर बिगड़ा संतुलन, पलट गया ट्रक
जानकारी के मुताबिक मिनी ट्रक प्याज की बोरियां लेकर जा रहा था। मजदूर वाहन के पीछे माल के साथ बैठे हुए थे। चौबाराधारा के पास यू-टर्न लेते समय ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।वाहन अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक पलटते ही पीछे बैठे मजदूर प्याज की भारी बोरियों के नीचे दब गए। हादसा इतना गंभीर था कि कई मजदूर ट्रक के नीचे फंस गए।
रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पीपलरावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से ट्रक के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। तीन मजदूरों को भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।