हरिद्वार में डंपर ने बस को टक्कर मारी, 1 महिला की मौत, 37 घायल
हरिद्वार में तेज रफ्तार डंपर ने श्रद्धालुओं से भरी बस को टक्कर मार दी, जिससे बस बीच हाईवे पर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकी 37 लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस बल और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकाला और अस्पताल भिजवाया।
डंपर ने मारी बस को टक्कर
हादसा सुबह शांतिकुंज के पास हुआ। बस शांतिकुंज गेट नंबर 3 के पास सर्विस लेन से हाईवे पर आने के लिए मुड़ रही थी, तभी देहरादून के रायवाला की तरफ से आ रहे 30 टन गिट्टी से लदे डंपर ने बस को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक कार भी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया गया, जिसमें से 3 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया। बस में सवार 45 से ज्यादा लोग राजस्थान के रहने वाले थे।
1 महिला की मौत
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि सप्तऋषि इलाके में पलटी राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस में एक महिला यात्री की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक महिला राजस्थान के नागौर की निवासी थी और अपने भाई समेत परिवार के साथ हरिद्वार आई थी। मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली 50 वर्षीय पुष्पकंवर के तौर पर हुई, जबकि 37 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में 29 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं, जिनमें से 3 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। बाकी सभी घायलों का इलाज में हरिद्वार में चल रहा है।