हरिद्वार में पानी की टंकी से 27 सांप बरामद, वीडियो आया सामने
हरिद्वार में पानी की टंकी में 27 सांप निकलने का मामला सामने आया। घटना का पता तब चला जब मेन नल में पानी आ रहा था, लेकिन टंकी से नहीं आया। इसके बाद घरवालों ने टंकी के अंदर देखा तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए। अचानक इतनी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए।
27 सांप के बच्चे
इसके बाद तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर आई। टीम के साथ पहुंचे स्नेक कैचर तालिब और भोला ने कड़ी मशक्कत के साथसांपों को इकट्ठा किया। जांच के दौरान टंकी से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए, जिन्हें बाहर निकाला गया।
कीलबैक प्रजाती के सांप
वन विभाग के रेंज अधिकारी ने बताया कि संभवतः किसी मादा सांप ने टंकी के भीतर सुरक्षित और ठंडी जगह देखकर अंडे दिए होंगे। तापमान बढ़ने के कारण अक्सर जंगली जीव ठंडी और नम जगहों की तलाश करते है और आबादी वाले क्षेत्रों में घुस जाते हैं। रेस्क्यू किए गए सांप कीलबैक (Keelback) प्रजाति के हैं, जिन्हें सामान्य भाषा में 'पानी का सांप' कहा जाता है। ये अक्सर पानी के पास पाए जाते हैं और इंसानों के लिए ज्यादा खतरनाक नहीं माने जाते।