हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक अग्

रोहतक डी-पार्क अग्निकांड स्थल पहुंचे हरियाणा CM सैनी, प्रभावित दुकानदारों के लिए मुआवजे का ऐलान

रोहतक डी-पार्क अग्निकांड स्थल पहुंचे हरियाणा CM सैनी, प्रभावित दुकानदारों के लिए मुआवजे का ऐलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को रोहतक के मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित दुकानदारों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले कपिल, सौरभ और अमन के परिजनों से भी भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। 

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्यों में तेजी लाने तथा किसी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए।

पूर्ण और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त दुकानों के लिए सहायता

अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों को राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा की। इसके तहत पूरी तरह नष्ट हो चुकी दुकानों के मालिकों को 5-5 लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त दुकानों के लिए 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

इसके अलावा आग की चपेट में आकर नष्ट हुई रेहड़ियों के मालिकों को भी 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नुकसान के आकलन के बाद मिलेगा अतिरिक्त मुआवजा

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग की रिपोर्ट के आधार पर दुकानदारों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा। इसके बाद प्रभावित व्यापारियों को अलग से मुआवजा भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने कारोबार को दोबारा शुरू कर सकें और आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।

9 जून को लगी थी भीषण आग

बताते चलें कि 9 जून को मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क के निकट भीषण आग लगने से करीब एक दर्जन दुकानें जलकर राख हो गई थीं। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई थी, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति भी नष्ट हो गई थी।

अग्निकांड का एक दृश्य

घटना के बाद से व्यापारी संगठनों द्वारा प्रभावित परिवारों और दुकानदारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री के दौरे और राहत पैकेज की घोषणा के बाद पीड़ित परिवारों तथा व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।