हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव ने हैदरनगर में विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का किया दर्शन
विकास कुमार/न्यूज11 भारत हुसैनाबाद/डेस्क: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने हैदरनगर क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर माता रानी का आशीर्वाद लिया. उन्होंने सबसे पहले हैदरनगर मठ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन किए. इसके बाद प्राचीन शिव मंदिर परिसर, शुक्रबाजार और बाजार स्थित पूजा पंडालों में पहुँचकर माता रानी की पूजा-अर्चना की.
तत्पश्चात वे श्रीराम जानकी मंदिर, बाजार पहुँचे, जहाँ उन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. इस दौरान स्थानीय पूजा समिति की ओर से विधायक संजय यादव का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया.
दर्शन के बाद विधायक ने कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व शक्ति और सद्भाव का संदेश देता है. मां दुर्गा की कृपा से हमारे क्षेत्र में शांति, खुशहाली और समृद्धि बनी रहे, यही मेरी कामना है. समाज में भाईचारा और आपसी सौहार्द की परंपरा कायम रहना ही सबसे बड़ी शक्ति है.इस अवसर पर राजद प्रदेश महासचिव रवि यादव, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष शशि कुमार, ललु सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे.