झारखंड में गर्मी पर सरकार अलर्ट, CM सोरेन का बड़ा आदेश- "हर गली-चौराहे पर मिलेगा ठंडा पानी"
झारखंड में आसमान से बरस रही आग और लगातार बढ़ते तापमान के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्यभर में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक मशीनरी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि इस कठिन दौर में जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करे।
हर सार्वजनिक स्थान पर पेयजल की व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, बीडीओ, सीओ, पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि सरकारी कार्यालयों के बाहर और सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही जहां पानी उपलब्ध कराया गया है, वहां सूचना बोर्ड भी लगाए जाएं ताकि राहगीरों और आम नागरिकों को आसानी से जानकारी मिल सके।
सरकार का मानना है कि तेज गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यह व्यवस्था बेहद जरूरी है। खासतौर पर मजदूरों, यात्रियों और बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जल संकट वाले इलाकों में तत्काल कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन इलाकों में पानी की किल्लत है, वहां बिना देरी किए टैंकरों से पानी पहुंचाया जाए। खराब पड़े चापाकलों और हैंडपंपों की तुरंत मरम्मत कराई जाए ताकि गांवों और मोहल्लों में पेयजल संकट गहराने न पाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, टोला या शहरी क्षेत्र में पानी की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पंचायत स्तर तक निगरानी रखने और हालात पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सीएम सोरेन ने साफ चेतावनी दी है कि आदेशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी भी राज्य में हीटवेव को आपदा जैसी स्थिति बता चुके हैं। उन्होंने लोगों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक धूप से बचने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की थी।