राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस की ओर से झारखण्ड सीएम सोरेन को मनाने की कोशिश, नितिन नवीन रांची में तैयार करेंगे रणनीति
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख घटक दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद की खबरों के बीच सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंच रहे हैं, जिससे राज्य की राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।
कांग्रेस ने प्रणव झा को बनाया उम्मीदवार
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी का दावा है कि गठबंधन सरकार में दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी होने के नाते उसे एक सीट मिलनी चाहिए। कांग्रेस के पास झारखंड विधानसभा में 16 विधायक हैं और इसी आधार पर उसने राज्यसभा की एक सीट पर दावा ठोका है।
दूसरी ओर, जेएमएम ने दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन और अंतिम निर्णय का अधिकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंप दिया है। ऐसे में अब सबकी निगाहें हेमंत सोरेन के फैसले पर टिकी हैं।
कांग्रेस ने पर्यवेक्षक नियुक्त किए
राज्यसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल और अजय शर्मा को झारखंड का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
कांग्रेस की कोशिश है कि उसके सभी 16 विधायक एकजुट रहें और पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में मजबूती से खड़े हों। इसी रणनीति के तहत लगातार बैठकों का दौर जारी है। हाल ही में कांग्रेस ने राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए 36 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति का भी गठन किया है, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को शामिल किया गया है।
जेएमएम ने दोनों सीटों पर जताया दावा
जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी ने अब तक कांग्रेस के साथ "एकतरफा प्यार" निभाया है और दोनों राज्यसभा सीटों पर पहला अधिकार जेएमएम का है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही लेंगे।
भाजपा भी सक्रिय, नितिन नवीन का दौरा अहम
राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच भाजपा भी संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और कार्यकर्ताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे।