खजुराहो को मिलेगी 2 बड़ी सौगात: 26-27 मई यहा जुटेंगे देशभर के सांसद-अफसर
MP के खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में 2 सौगातें मिलने वाली हैं। खजुराहो में 15 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों वाले आधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए इलिट (ईएलआईटी) शिक्षण संस्थान को भी हरी झंडी मिल गई है।
बता दें कि खजुराहो पहुंचे क्षेत्रीय सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वेलनेस सेंटर खुलने से केवल खजुराहो की वैश्विक ब्रांडिंग ही मजबूत नहीं होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के सैकड़ों नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे बुंदेलखंड के आर्थिक विकास को एक नई गति मिलेगी।
26 मई को जुटेंगे देशभर के सांसद व अफसर
इस दौरान सांसद वीडी शर्मा ने आगामी बड़े आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि मई के अंतिम सप्ताह में खजुराहो में एक बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। बता दें कि 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की बेहद महत्वपूर्ण बैठक खजुराहो में होगी। इसमें केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव, देशभर के सांसद और शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। 27 को केंद्रीय मंत्री आएंगे। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खजुराहो में 25वें काउंटडाउन का भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।