कोटा में कोचिंग कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने किया सुसाइड!
Kota Student Suicide: कोटा में एक बार फिर कोचिंग कर रहे छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। जवाहर नगर थाना क्षेत्र के पुराने राजीव गांधी नगर स्थित एक पेमेंट गेस्ट हाउस (पीजी) में रह रहे 17 वर्षीय छात्र ने बुधवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस को दी जानकारी
सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि छात्र ने अपने कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। सूचना मिलते ही जवाहर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को नीचे उतारा। प्राथमिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान आर्यन ओझा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का निवासी था। आर्यन फरवरी 2026 में कोटा आया था और यहां इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (JEE) की तैयारी कर रहा था।
जांच की स्थिति
जवाहर नगर के ASI जवाहरलाल ने बताया कि - 'शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस छात्र के कमरे की तलाशी ले रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।'
मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।