उमरिया-अनूपपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत, CM डॉ यादव ने जताया दुख
मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर के बॉर्डर क्षेत्र करन पठार थाना अंतर्गत बिजौरा गांव में एक बड़ा हादसा हुआ। ग्राम पड़मनिया से करीब 41 ग्रामीण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर ग्राम बिजौरा पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। सफर के दौरान सनी धाम के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, कई लोग भारी-भरकम ट्रॉली के नीचे दब गए।
4 की मौत
हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान
घनश्याम गोड़
वीर सिंह (50)
भूपत सिंह (50)
सहबल बैगा
जबकि अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। 2 ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि 2 लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
37 लोग घायल
हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में 41 लोग सवार थे। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसे में 37 लोग घायल हुए। घायलों में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे बताए गए हैं। कई लोगों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) May 30, 2026
CM ने जताया दुख
हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन एवं घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए, और घायलों का उपचार जारी है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।