मध्य प्रदेश के भोपाल में मुख्यमंत्री और केंद्रीय म

CM डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अहम मुलाकात, किसान कल्याण और कृषि विकास पर हुई चर्चा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास  शिवराज सिंह चौहान के बीच महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस सौजन्य भेंट के दौरान प्रदेश के किसानों, कृषि विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा

बैठक में विशेष रूप से राज्य सरकार द्वारा घोषित ‘किसान कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और योजनाओं की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने इस बात पर विचार-विमर्श किया कि किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक कैसे पहुंचाया जाए। साथ ही कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।

प्राकृतिक चुनौतियों से बचाने के उपायों पर भी चर्चा

बैठक के दौरान अल नीनो के संभावित प्रभाव को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया। मौसम में हो रहे बदलावों और उनके कृषि उत्पादन पर पड़ने वाले असर को देखते हुए किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की रणनीति पर विचार किया गया। दोनों नेताओं ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को प्राकृतिक चुनौतियों से बचाने के उपायों पर भी चर्चा की।

कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई

राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी तेज हैं। माना जा रहा है कि कृषि और विकास संबंधी विषयों के अलावा प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ होगा। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा

इधर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। निगम, मंडल, आयोग और विभिन्न प्राधिकरणों में अधिकांश नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी मिलने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। यही वजह है कि इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है।