मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू, भीषण गर्मी की चेतावनी जारी
मध्य प्रदेश में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है और इसके साथ ही प्रदेशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 9 दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी गर्मी लोगों को बेहाल कर सकती है।
भीषण गर्मी का असर देखने को मिला
नौतपा शुरू होने से पहले ही मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया था। रविवार को छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45 डिग्री, शाजापुर और टीकमगढ़ में 44 डिग्री, जबकि सतना, सागर और दमोह में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुरैना, गुना, श्योपुर और राजगढ़ में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला।
निवाड़ी जिलों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना और निवाड़ी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं जबलपुर, रीवा, सागर, दमोह, दतिया, भिंड, कटनी और कई अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, रायसेन, शिवपुरी और मंदसौर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचे
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।