A woman YouTuber in Madhya Pradesh was robbed afte

YouTube पर दिखाया लग्ज़री लाइफस्टाइल, चोरों ने बना लिया निशाना; 10 लाख की चोरी

सोशल मीडिया पर अपनी आलीशान जिंदगी, महंगे गहने और नकदी का प्रदर्शन करना मध्य प्रदेश की एक महिला YouTuber को भारी पड़ गया। शिवपुरी जिले के मोहनी गांव में रहने वाली YouTuber रचना गुर्जर के घर शनिवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाश परिवार को कमरे में बंद कर लाखों रुपए के गहने, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

परिवार गहरी नींद में सो रहा था

जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर घर में घुसे। उस समय रचना गुर्जर और उनका परिवार गहरी नींद में सो रहा था। चोरों ने पहले परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और फिर आराम से घर में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। चोरी गए सामान की कीमत 8 से 10 लाख रुपए के बीच बताई जा रही है।

परिवार को घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे हुई, जब उन्होंने खुद को कमरे में बंद पाया। इसके बाद रिश्तेदारों को फोन कर बुलाया गया, जिन्होंने दरवाजा खोलकर परिवार को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

कैमरे की दिशा बदलता नजर आ रहा

रचना गुर्जर ने बताया कि चोरों ने घर में लगे CCTV कैमरों का एंगल भी बदल दिया था, ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके। पुलिस को CCTV फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति दिखाई दिया है, जो डंडे की मदद से कैमरे की दिशा बदलता नजर आ रहा है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो देखकर चोरी की योजना बनाई हो सकती है। रचना गुर्जर के सोशल मीडिया पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और उन्होंने हाल के दिनों में अपने घर, गहनों, नकदी और लाइफस्टाइल से जुड़े कई वीडियो साझा किए थे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर निजी संपत्ति और घर की जानकारी साझा करने से जुड़े संभावित खतरों को लेकर एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।