मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के एसएमएस अस्पता

राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने किया एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों से बातचीत कर परखी व्यवस्थाएं

राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने किया एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों से बातचीत कर परखी व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की ओपीडी सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, जांच सुविधाओं और साफ-सफाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों की ओपीडी सेवाओं का किया निरीक्षण

SMS हॉस्पिटल, जयपुर

भीलवाड़ा दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री अचानक एसएमएस अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने धन्वंतरि भवन में संचालित मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी समेत कई विभागों की ओपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन से व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने उनसे चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और जांच सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

मरीजों को न हो परेशानी, सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एसएमएस अस्पताल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है। यहां राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बढ़ते मरीज भार को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को सुविधाओं का विस्तार करने और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने की जरूरत है।

सीएम भजनलाल शर्मा SMS हॉस्पिटल पहुंचे

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को जांच या दवा प्राप्त करने के लिए एक विभाग से दूसरे विभाग तक भटकना न पड़े। इसके लिए संबंधित ओपीडी में ही जांच और दवा वितरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को त्वरित और सहज उपचार मिल सके।

स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसएमएस अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में अस्पताल के बुनियादी ढांचे और चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां सरकार आवश्यक कदम उठाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

निरीक्षण के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।