दिल्ली में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में शामिल होंगे हरियाणा सीएम सैनी, पीएम मोदी करेंगे अध्यक्षता
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत 10 जून को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री भाग लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय, विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
एनसीआर और विकास परियोजनाओं की होगी समीक्षा
बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। हरियाणा से जुड़े मुद्दों, विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में चल रही परियोजनाओं और बुनियादी ढांचा विकास कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
इसके अलावा केंद्र सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री राज्यों से योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और जमीनी स्तर पर उनके प्रभाव की जानकारी ले सकते हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने-अपने राज्यों में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक पहलों का प्रस्तुतीकरण भी करेंगे।
चुनावी राज्यों पर भी हो सकती है चर्चा
राजनीतिक दृष्टि से भी यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि उन राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है, जहां अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हाल के महीनों में पंजाब के लगातार दौरे कर रहे हैं। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की पंजाब में संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बताया जाता है कि सैनी पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त फीडबैक और राजनीतिक आकलन को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाते रहे हैं।
पंजाब पर भाजपा की विशेष नजर
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा पंजाब में अपने जनाधार का विस्तार करने के प्रयासों में जुटी हुई है। इसी रणनीति के तहत राज्य में संगठन को मजबूत करने और नए सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में नायब सिंह सैनी पार्टी की इस रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं।