उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी

कंडोलिया महोत्सव का भव्य आगाज, सीएम धामी ने पौड़ी गढ़वाल को दी 110.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के दौरे के दौरान कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया और जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय में स्थापित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का भी लोकार्पण किया।

कई गतिविधियों में स्वयं भी भाग लिया

विज्ञान संग्रहालय के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां विकसित विज्ञान आधारित गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडलों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे संग्रहालय बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कई गतिविधियों में स्वयं भी भाग लिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की।

कई योजनाएं संचालित की जा रही

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और प्रदेश में पर्यटन, स्वरोजगार, होमस्टे तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लागू सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया।