प्रयागराज में एक परिवार के 4 सदस्यों की हत्या, गत्ते पर लिखा था- बंटी, बबली और बहू ने मारा
प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के कोतवाली थाना क्षेत्र से बड़ी घटना सामने आई है। यहां साउथ मलाका सब्जी मंडी चौराहा स्थित एक मकान में 4 लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके बेटा-बेटी शामिल हैं। घर बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था।
बदबू आने पर हुआ शक
मंगलवार को घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने दरवाजा खटखटाया, आवाज लगा गई। लेकिन, अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो एक कमरे में वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता (65) की लाश पड़ी हुई थी। पास ही के कमरे में बेटी मीनाक्षी (40) की लाश थी। तीनों के सिर पर गहरे जख्म थे। आसपास खून फैला था, जो सूख चुका था। बेटे अभिषेक (38) की लाश ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकान में पड़ी थी, जो बाहर से बंद थी। पहले अभिषेक के लापता होने की बात सामने आई थी। तब उसी पर शक गया था कि वह तीनों को मारकर फरार हो गया।
‘बंटी, बबली और बहू ने मारा’
पुलिस ने बताया- जिस कमरे में दंपती की लाश मिली, वहां एक गत्ता पड़ा था। उस पर लिखा था, “बंटी, बबली और बहू ने मारा।” पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बंटी-बबली और बहू कौन हैं। उनका इस मामले से क्या संबंध है। अब परिवार में 1 ही बेटा बचा है। वह धोखाधड़ी के केस में इस वक्त कौशांबी जेल में बंद है। वारदात साउथ मलाका में हीवेट रोड चौराहे की है। बता दे वीरेंद्र कुमार वैश्य का हीवेट रोड चौराहे पर 2 मंजिला मकान है। निचले हिस्से में 14 दुकानें हैं। 13 दुकानें किराए पर चढ़ा रखी हैं। ऊपरी हिस्से में परिवार रहता था। परिवार में पत्नी, बेटी-बेटे के अलावा 1 छोटा बेटा अश्विनी था, जो कौशांबी जेल में बंद है।