राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीसलपुर बांध

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे बीसलपुर बांध का निरीक्षण

राजस्थान सीएम का बीसलपुर दौरा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देवली उपखंड क्षेत्र स्थित बीसलपुर बांध का दौरा करेंगे। वे सोमवार को यहां राज्य सरकार के 'वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान' के तहत पूजा-अर्चना और निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री शर्मा के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला कलेक्टर टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने बीसलपुर बांध क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कल सुबह करीब 9:45 बजे हेलीकॉप्टर से बीसलपुर बांध पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सबसे पहले जल कलश पूजन करेंगे। इसके बाद बांध के जलभराव क्षेत्र में स्थित त्रिवेणी संगम पर बने प्राचीन बीसलदेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल बांध परिसर में स्थित स्कॉडा नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण करेंगे। साथ ही बीसलपुर बांध की वर्तमान जल स्थिति और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेंगे।

गलवा बांध का हवाई सर्वेक्षण

इसके बाद, मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ईसरदा बांध और गलवा बांध का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद वे भरतपुर के लिए रवाना होंगे। CM के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए व्यापक तैयारियां की। जिला कलेक्टर टीना डाबी पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा और देवली उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने हेलीपैड स्थल, मंदिर परिसर और आमजन की आवाजाही वाले रास्तों का निरीक्षण किया।