राजस्थान में मॉडिफाइड वाहनों की खैर नहीं, CM ने जारी किए निर्देश
राजस्थान में अब मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। नियम कायदों को तोड़ने वालों के खिलाफ एक्शन होगा। CM भजनलाल शर्मा ने CMO में आयोजित गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में इसको लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। CM ने बैठक में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर भी मंथन किया।
CM ने दिए निर्देश
CM भजनलाल शर्मा ने नियमों को धत्ता बताकर सड़कों पर वाहन दौड़ने वालों के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग को इसको लेकर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। तीनों विभाग मिलकर वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफिकेशन कराने वालों और अन्य नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक के बाद यह अभियान शुरू कर दिया गया और बड़े स्तर पर कार्रवाइयां शुरू की गई।
जन-जागरुकता अभियान
बैठक में CM ने कहा कि ऐसे वाहनों से एक्सीडेंट की घटनाएं होने के साथ ही इनके जरिये मादक पदार्थों का परिवहन भी किया जाता है। वाहनों के मॉडिफिकेशन की आड़ में अपराधी कानून से बचने की कोशिश करते हैं। इसके साथ ही ऐसे वाहन सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा है। लिहाजा ऐसी अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए राज्यभर में व्यापक जन-जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। CM ने वाहनों पर प्रतीक लगाने और शीशों पर निर्धारित मानकों से अधिक काली फिल्म अथवा अन्य अपारदर्शी सामग्री पर पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए।