शराब की लत के चलते पिता ने बेटे के साथ मिलकर की हत्या!
Bilaspur Murder News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां एक पिता ने अपने बेटे की शराब की लत से परेशान होकर अपने दूसरे बेटे के साथ मिलकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि, पिता और बेटे ने पहले अपने शराबी बेटे के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, फिर उसका गला और मुंह दबाकर जान ले ली। किसी को शक ना हो इस वजह से पिता ने शव के पास जहर की शीशी रख दी, जिससे लोगों को लगे की युवक ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को दी घटना की जानकारी
जानकारी मिलते पुलिस मौके पर पहुंची। शव के शरीर पर चोट के निशान देखे तो उन्हें हत्या की आशंका हुई। फिर पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद पता चला की ये कोई सुसाइड नहीं बल्कि हत्या है।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बड़े भाई और नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी इलाके की है।
एडिशनल SP ग्रामीण मधुलिका सिंह का बयान
एडिशनल SP ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि - '20 मई को ग्राम रतखंडी निवासी उमेंद सिंह पटेल (52) बेलगहना चौकी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके बेटे गौरीशंकर पटेल (23) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। शव के पास जहर की शीशी भी पड़ी हुई थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।'
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
बताया गया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि मृतक की गला और मुंह दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर परिजनों से पूछताछ करना शुरू की। फिर जब परिजनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शराब का आदी था मृतक
पूछताछ में सामने आया कि- मृतक गौरीशंकर शराब पीने का आदी था और आए दिन घर में परिवालों के साथ लड़ाई करता था। फिर परिवार वालों से मारपीट कर रहा था। इससे परेशान होकर पिता उमेंद सिंह, भाई शिवशंकर पटेल (18) और एक नाबालिग भाई ने उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पिता ने मृतक के रस्सी से हाथ-पैर बांधे, फिर मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।