A catastrophic collision between a truck and a dum

ट्रक और डंपर की टक्कर से लगी आग, 2 की मौत!

ट्रक और डंपर की टक्कर से लगी आग, 2 की मौत!

Truck Dumper Fire Accident: गोरखपुर के कुशीनगर-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार सुबह ट्रक और डंपर की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर चालक और क्लीनर जिंदा जल गए। ट्रक चालक और खलासी किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि दोनों बुरी तरह झुलस गए हैं।

हादसा कब और कहां हुआ?

यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर हुई। मक्का से लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक डंपर रॉन्ग साइड पर आ गया, जिसमें डस्ट भरी हुई थी। दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।

ट्रक में लगी आग, 2 की मौत

टक्कर के साथ ही ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें आग लग गई। आग तेजी से डंपर तक पहुंच गई। डंपर में सवार ड्राइवर और क्लीनर बाहर नहीं निकल पाए और अंदर ही जिंदा जल गए। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि दमकलकर्मी भी पास नहीं पहुंच सके। धुएं का गुबार और लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।

पीड़ितों की पहचान

डंपर ड्राइवर की पहचान बस्ती जिले के धमोरा गांव निवासी सत्येंद्र (पुत्र रामकोमल) के रूप में हुई है। क्लीनर शिवा फतेहपुर का रहने वाला था। आग बुझने के बाद डंपर के अंदर केवल दोनों के कंकाल बचे थे। पुलिस ने शव बटोरकर DNA जांच के लिए भेज दिए हैं।

ट्रक चालक-खलासी झुलसे 

ट्रक चालक और खलासी आग की चपेट में आने से पहले कूदकर बाहर निकल आए। दोनों झुलस गए हैं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। 

करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।  

पुलिस कर रही कार्रवाई

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डंपर के रॉन्ग साइड पर आने की वजह से यह हादसा हुआ।