UP सरकार ने 28 लाख कर्मचारियों का DA 2% बढ़ाया, जनवरी-2026 से एरियर मिलेगा
UP सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता 2 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब 58% की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। राज्य में 16 लाख राज्य कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स हैं। इस तरह से कुल 28 लाख कर्मचारियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
DA में बढ़ावा
वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से कर्मचारी और पेंशनर्स को 60% महंगाई भत्ते की दर से भुगतान किया जाएगा। प्रदेश कर्मचारियों को 1 जनवरी से 30 अप्रैल तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर उनके भविष्य निधि खाते में जमा किया जाएगा, जबकि 1 मई से बढ़ा हुआ DA उनके जून महीने में मिलने वाले वेतन के साथ मिलेगा।
पेंशन के साथ मिलेगा DA
CM ने बताया- पेंशनर्स को 1 जनवरी से 30 अप्रैल तक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर उनके पेंशन खाते में जमा किया जाएगा। 1 मई से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (DA) उनके जून महीने में मिलने वाली पेंशन के साथ मिलेगा। हमेशा महंगाई भत्ते की गणना कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर की जाती है।
2025 में 2 बार बढ़ोतरी
UP सरकार ने 2025 में का महंगाई भत्ते (DA) में 2 बार बढ़ोतरी की थी। पहली बार अप्रैल में DA 53% से बढ़ाकर 55% किया था। बढ़ा हुआ वेतन 1 जनवरी 2025 से दिया जाना था। दूसरी बार अक्टुबर में DA 55% से बढ़ाकर 58% कर दिया गया था। बढ़ा हुआ वेतन 1 जुलाई, 2025 से दिया जाना था। महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों को दिया जाने वाला 'कॉस्ट-ऑफ-लिविंग' एडजस्टमेंट है। इसका कैलकुलेशन बेसिक पे के % के रूप में किया जाता है। इसका मुख्य मकसद बढ़ती कीमतों के बीच कर्मचारियों की वास्तविक आय की सुरक्षा करना है, ताकि उनकी सैलरी महंगाई के साथ तालमेल बिठा सके।