उत्तर प्रदेश में बढ़ते तापमान के मद्देनजर मुख्यमंत

हीट वेव को लेकर सीएम योगी सख्त, प्रशासन और विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को सतर्कता के साथ काम करने को कहा है, ताकि आम जनता को गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।

समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पेयजल और बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी कहा है। मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी अन्य समस्याओं से बचाव के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें।

सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री ने जनता से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहें। साथ ही बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने और उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने की सलाह दी गई है।

व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए

सीएम योगी ने लोगों को ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने और ओआरएस, नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि धूप में बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखना बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने खेतों, बाजारों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा उपायों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अग्निशमन विभाग को पूरी तैयारी के साथ काम करने को कहा। इसके अलावा निर्माण कार्यों और खुले स्थानों पर काम कर रहे श्रमिकों के लिए पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है।