उत्तरप्रदेश में 32,679 सिपाही पदों के लिए परीक्षा

UP में सिपाही भर्ती के लिए परीक्षा का आखिरी दिन, 5 नकलची गिरफ्तार, कलावा कटवाया

उत्तरप्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त

उत्तरप्रदेश में 32,679 पदों पर हो रही सिपाही भर्ती परीक्षा का आज तीसरा और आखिरी दिन है। 1183 केंद्रों पर पहली पाली की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह 8 बजे ही पहुंच गए थे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन के बाद ही एंट्री दी गई। वहीं अंडरवियर में मोबाइल मिलने के बाद चेकिंग के दौरान सख्ती बढ़ा दी गई।

अभ्यार्थी की मौत

इधर, कौशांबी से परीक्षा देने वाराणसी जा रहे 25 साल के अनुज शर्मा की हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। सिर पर चोट लगने से जान चली गई। वहीं जौनपुर में अभ्यर्थियों के मुंह और पैंट में मेटल डिटेक्टर डालकर चेकिंग की गई। महाराजगंज में अभ्यर्थियों के हाथ का कलावा कटवा दिया गया। हाथरस में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाकर एंट्री दी गई। आभूषण उतरवाए गए। बालों का जूड़ा खुलवाकर तलाशी ली गई। 

नकल करने वाले गिरफ्तार

सहारनपुर में 2 आधार कार्ड लेकर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी को गिरफ्तार कर लिया गया। अफवाह फैलाने वाले कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर केस दर्ज किया गया है। इधर हरदोई में एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन और पुराने प्रश्नपत्र के साथ पकड़ा। कानपुर में परीक्षा शुरू होने से पहले इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाते हुए पकड़ा गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सिपाही बनने के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। परीक्षा के पहले 2 दिनों में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 4.69 लाख ने परीक्षा छोड़ दी।