छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 'मन की ब

छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय ने सुना 'मन की बात' का 134वां एपिसोड

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  सीएम विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास पर प्रधानमंत्री मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम Mann Ki Baat के 134वें एपिसोड का श्रवण किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देशभर के लोग हर महीने के अंतिम रविवार को ‘मन की बात’ का बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि यह कार्यक्रम समाज को नई दिशा और प्रेरणा देने का कार्य करता है।

प्रधानमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बार के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ का जिक्र किया, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ी अनिमेष कुजूर के प्रयासों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री किसी राज्य की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाते हैं, तो इससे पूरे प्रदेश का सम्मान बढ़ता है और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है कार्यक्रम

सीएम साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और प्रेरणादायक कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से लोगों को समाज और राष्ट्र के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से हर महीने ‘मन की बात’ सुनने की अपील भी की।

बंगाल की राजनीति पर भी साधा निशाना

पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और सुशासन की उम्मीद कर रही है। साय ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में अब बेहतर प्रशासन और कानून व्यवस्था की दिशा में नए प्रयास शुरू हो रहे हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।