बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अभिनेत्री दीया मिर्जा का दिवाली जागरूकता वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया है। यह वीडियो पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील से जुड़ा था। सोमवार को राजनीतिक आपत्तियों के बाद BMC ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया था। मंगलवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस कार्रवाई और नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई।
पर्यावरण जागरूकता के वीडियो पर विवाद क्यों?
वीडियो में दीया ने पटाखे ना फोड़ने और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील की थी।
दरअसल, मुंबई में वायु और ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए BMC ने कई सेलिब्रिटी के साथ जागरूकता अभियान चलाया था। इसमें दीया मिर्जा के अलावा अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी शामिल थे। दीया ने अपने वीडियो में लोगों से पर्यावरण का ध्यान रखने और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की थी। वीडियो रविवार को BMC के आधिकारिक X हैंडल और दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था। हालांकि, भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद इसे उसी रात हटा दिया गया। जबकि दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो सोशल मीडिया पर बने रहे।
कोर्ट ने कहा- पर्यावरण के मुद्दे को दूसरा रंग न दें
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि पर्यावरण और प्रदूषण से जुड़ी जागरूकता को राजनीतिक या धार्मिक विवाद का रूप देना दुर्भाग्यपूर्ण है। कोर्ट ने कहा कि संविधान नागरिकों से धर्मनिरपेक्ष भावना बनाए रखने की अपेक्षा करता है। पीठ ने यह भी कहा कि मुंबई में रहने वाले सभी लोग एक ही हवा में सांस लेते हैं। इसलिए स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर गुटबाजी की जगह नहीं होनी चाहिए। कोर्ट ने BMC को हटाए गए वीडियो को दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया।
भाजपा नेताओं ने जताई थी आपत्ति
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि लोगों को त्योहार मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पटाखों के खिलाफ अपील करने वालों को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से जोड़कर टिप्पणी की थी। वहीं, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने दीया मिर्जा को 'हिंदू विरोधी' बताते हुए उन्हें BMC के कार्यक्रमों से अलग रखने की बात कही थी। वीडियो हटाए जाने के बाद दीया ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने इस वीडियो के लिए कोई पैसे नहीं लिए थे।
शिवसेना और कांग्रेस ने किया समर्थन
इस विवाद में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने दीया मिर्जा का समर्थन किया था। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया था कि BMC ने पहले आधिकारिक तौर पर वीडियो बनवाया और फिर भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद उसे हटा दिया। वहीं, वर्षा गायकवाड़ ने कहा था कि वीडियो का उद्देश्य शहर को प्रदूषण से बचाने के लिए जागरूकता फैलाना था। उन्होंने भाजपा पर पर्यावरण से जुड़े मुद्दे को धर्म से जोड़ने का आरोप लगाया था।
BMC ने हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया था अभियान
मुंबई में वायु और ध्वनि प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने आतिशबाजी से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई गई है। इसी क्रम में BMC ने लोगों को जागरूक करने के लिए सेलिब्रिटी के वीडियो तैयार करवाए थे। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जागरूकता का मुद्दा किसी जाति या धर्म तक सीमित नहीं है।
माधुरी दीक्षित और दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो BMC के सोशल मीडिया हैंडल पर अभी भी अपलोडेड हैं।