इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के सेट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक SUV हवा में पलटकर नीचे खड़ी वैन पर गिरती दिखाई दे रही है। घटना के बाद सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स और अन्य लोग गाड़ी की ओर भागते नजर आते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह फिल्म की शूटिंग के लिए किया गया स्टंट था या स्टंट के दौरान कोई हादसा हुआ।
क्रेन से लटकाई गई SUV अचानक नीचे गिरी
वायरल वीडियो में आउटडोर शूटिंग सेट पर एक बड़े क्रेन वाहन की मदद से SUV को हवा में लटकाया गया है। सड़क पर क्रू मेंबर्स और अन्य लोग स्टंट की तैयारी देखते नजर आते हैं। इसके बाद काउंटडाउन शुरू होता है। काउंटडाउन खत्म होते ही SUV अचानक झटके के साथ हवा में पलटने लगती है। कुछ ही पलों में गाड़ी नीचे गिरती है और वहां खड़ी काली वैन की छत से टकरा जाती है। इसके बाद सेट पर मौजूद लोग गाड़ी की तरफ दौड़ते दिखाई देते हैं।
क्या इमरान हाशमी भी थे मौके पर मौजूद?
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि SUV के गिरने के समय इमरान हाशमी भी मौके पर मौजूद थे और गाड़ी उनके बेहद करीब आकर गिरी। हालांकि, वायरल वीडियो में अभिनेता स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में उनके घटनास्थल पर मौजूद होने और गाड़ी के उनसे कुछ इंच की दूरी पर गिरने के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, इस घटना में किसी के घायल होने की भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मेकर्स की ओर से भी अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वीडियो में दिखाई दे रहा घटनाक्रम पहले से तय स्टंट का हिस्सा था या किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ।
इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया फिर साथ आए
फिल्म ‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी ईश्वर के किरदार में नजर आएंगे। जेनेलिया डिसूजा आरती और अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी सरीम मोमिन और जुनैद वासी ने लिखी है। इस फिल्म के जरिए इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे प्रेमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पसंद की महिला के साथ रहने के लिए बड़े कदम उठाता है। इस दौरान उसका सामना एक खतरनाक दुश्मन से होता है। फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर कर रहे हैं। इसे सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जा रहा है।
हरिद्वार में शूटिंग के दौरान भी हुआ था विवाद
‘गनमास्टर G9’ की शूटिंग जून 2026 में हरिद्वार में भी चर्चा में रही थी। उस दौरान फिल्म के सेट पर बार और रेस्टोरेंट से जुड़े बोर्ड को लेकर विवाद हुआ था। हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने सेट पर पहुंचकर बोर्ड का विरोध किया था और फिल्म यूनिट से इसे लगाने की अनुमति के बारे में सवाल किए थे। विरोध बढ़ने के बाद मेकर्स को बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाना पड़ा था। उस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे। उस समय फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया हरिद्वार और देहरादून में मौजूद थे।