बॉलीवुड एक्टर इमरान खान एक बार फिर कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। SIR के विरोध में हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले में उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट के सामने बिना शर्त माफी मांगी है। साथ ही भरोसा दिया है कि भविष्य में वह इस तरह के किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। यह मामला उनके खिलाफ जारी 'लीव इंडिया नोटिस' से जुड़ा है, जिसमें उन्हें भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया था।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान के पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ था। यह प्रदर्शन चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर था। इसी दौरान अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक इमरान खान को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उनके साथ उनकी पार्टनर लेखा वॉशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान भी थीं। इसके बाद 14 अक्टूबर को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने इमरान खान को 'लीव इंडिया नोटिस' जारी कर 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने को कहा। उन पर इमिग्रेशन नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। हालांकि, इमरान ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नोटिस को चुनौती दी। उनका कहना था कि उन्हें बिना पर्याप्त वजह बताए और अपना पक्ष रखने का मौका दिए नोटिस जारी किया गया। उन्होंने प्रदर्शन में सक्रिय रूप से शामिल होने के आरोप से भी इनकार किया था।
कोर्ट ने की सख्त टिप्पणी, केंद्र को भी दिया निर्देश

सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट ने इमरान खान को लेकर सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि अगर किसी भारतीय नागरिक ने विदेश में ऐसा ही कदम उठाया होता, तो उसे अगली ही फ्लाइट से भारत वापस भेज दिया जाता। कोर्ट ने यह भी सवाल किया कि इमरान इतने सालों से भारत में रह रहे हैं और इस दौरान कभी किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए, तो अब उन्होंने ऐसा क्यों किया? सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्र सरकार को 'वसुधैव कुटुंबकम' के सिद्धांत की याद दिलाई और इमरान को नोटिस का जवाब देने के लिए समय देने का निर्देश दिया। इमरान की ओर से बिना शर्त माफी और भविष्य में प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का भरोसा दिए जाने के बाद उनके खिलाफ जारी 'लीव इंडिया नोटिस' पर फिलहाल रोक रहेगी। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। इस मामले में इमरान खान की याचिका पर अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।
इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास OCI कार्ड है। इसलिए यह मामला भारतीय नागरिकता रद्द करने का नहीं, बल्कि उनके भारत में रहने और OCI से जुड़े इमिग्रेशन नियमों का है।