दीवाली और भाई दूज जैसे त्योहारों पर मिठाई के बिना खुशियां अधूरी लगती हैं। खासतौर पर काजू कतली ऐसी मिठाई है, जिसे बच्चे हों या बड़े, सभी पसंद करते हैं। लेकिन बाजार में मिलने वाली काजू कतली महंगी होने के साथ मिलावट की आशंका भी रहती है। ऐसे में आप इसे घर पर ही शुद्ध काजू और केसर की मदद से बना सकते हैं। इसका स्वाद भी लाजवाब होगा और इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं केसरिया काजू कतली बनाने की आसान रेसिपी।
काजू कतली बनाने के लिए सामग्री
-
काजू – 250 ग्राम
-
चीनी – 1 कप
-
पानी – आधा कप
-
केसर – 15 से 20 धागे
-
गुनगुना दूध – 1 चम्मच
-
देसी घी – 1 छोटा चम्मच
-
चांदी का वर्क – सजावट के लिए (वैकल्पिक)
इस तरह तैयार करें केसरिया काजू कतली
सबसे पहले केसर के धागों को एक चम्मच गुनगुने दूध में भिगोकर रख दें। अब काजू को मिक्सी में डालकर पल्स मोड पर थोड़ी-थोड़ी देर चलाएं। ध्यान रखें कि मिक्सी लगातार न चलाएं, वरना काजू अपना तेल छोड़ सकते हैं। तैयार पाउडर को छान लें, ताकि उसमें कोई मोटा टुकड़ा न रहे। अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद चाशनी को पकाएं। जब चाशनी एक तार की हो जाए, तो इसमें केसर वाला दूध मिला दें। इसके बाद गैस की आंच धीमी कर दें और चाशनी में काजू का पाउडर धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाएं। मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक वह पैन छोड़कर एक जगह इकट्ठा होने न लगे। अब इसमें घी मिलाकर गैस बंद कर दें।
बेलकर दें काजू कतली का आकार
तैयार मिश्रण को बटर पेपर पर निकालें और थोड़ा ठंडा होने दें। जब यह हाथों से संभालने लायक हो जाए, तब इसे हल्के हाथों से गूंथकर चिकना कर लें। अब मिश्रण को बटर पेपर के बीच रखकर बेलन से समान मोटाई में बेलें। ऊपर से चांदी का वर्क लगाएं और इसे ठंडा होने दें। इसके बाद चाकू से डायमंड शेप में काट लें।
इन बातों का रखें ध्यान
-
काजू को पीसते समय मिक्सी को लगातार न चलाएं।
-
चाशनी बहुत ज्यादा गाढ़ी न करें, वरना काजू कतली सख्त हो सकती है।
-
काजू का पाउडर चाशनी में थोड़ा-थोड़ा डालें, ताकि गांठें न बनें।
-
मिश्रण को ज्यादा न पकाएं। सही समय पर गैस बंद करने से काजू कतली नरम और चिकनी बनेगी।
-
तैयार मिठाई को एयरटाइट डिब्बे में रखें।
बस, तैयार है घर पर बनी केसरिया काजू कतली। इस त्योहार पर बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर बनी इस शाही मिठाई से मेहमानों का मुंह मीठा कराएं।