देशभर में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्राइवेट एजेंसी AQI.in की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के 70 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के हैं। उत्तर प्रदेश का प्रयागराज 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सूची में शीर्ष पर रहा, जबकि महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश के बांदा, मिर्जापुर और वाराणसी समेत कई शहर भी टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई जिलों में तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं।
तेलंगाना में हीटस्ट्रोक से 16 मौतें
तेलंगाना में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। यहां सात जिलों में हीटस्ट्रोक के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने हैदराबाद, रंगारेड्डी, करीमनगर, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यपेट, मुलुगु और महबूबनगर में 26 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 मई को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 26 मई को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश के खजुराहो और नौगांव में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू किया गया है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हालात गंभीर
उत्तर प्रदेश में बांदा 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। प्रयागराज, झांसी, कानपुर और सुल्तानपुर में भी पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान में जैसलमेर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। जयपुर, अलवर, टोंक और श्रीगंगानगर में तेज गर्मी के बीच कुछ इलाकों में बारिश भी हुई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार बढ़ती गर्मी के कारण एसिडिटी, डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं।